
धार। भगवान विष्णु के तृतीय अवतार भगवान वाराह के प्रकट उत्सव एवं समाज जागरण के उद्देश्य से सनातन प्रहरी द्वारा आगामी 15 सितंबर को वाराह मार्च (वाहन रैली) का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में वाराह मार्च के प्रचार-प्रसार का प्रथम चरण पूरा होने के बाद सनातन प्रहरी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी चरण की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रथम चरण के प्रचार अभियान के अंतर्गत धार नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर वाराह मार्च से संबंधित फ्लैक्स लगाए गए हैं। वहीं मोहन टॉकीज चौराहे पर भगवान वाराह का बड़ा कटआउट भी लगाया गया है, जिसके माध्यम से नागरिकों को आगामी वाहन रैली की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही धार नगर से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी तक आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में भी वाराह मार्च के प्रचार-प्रसार के लिए फ्लैक्स लगाए गए हैं।
बैठक में बताया गया कि प्रचार अभियान के द्वितीय चरण में धार नगर की प्रत्येक बस्ती और मोहल्ले में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बैठकें लेकर लोगों को वाराह मार्च के उद्देश्य एवं आयोजन की जानकारी दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली बैठकों के लिए समिति के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
समिति की योजना के अनुसार बस्ती, मोहल्ला एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बैठकों के बाद वाराह मार्च में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण दिया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक व्यक्ति का 10 रुपए का पंजीयन किया जाएगा। पंजीयन के बाद वाहन रैली में शामिल होने वाले वाहनों पर लगाने के लिए स्टिकर एवं भगवान वाराह के चित्र वाली झंडियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
समिति का उद्देश्य वाराह भगवान के प्रकट उत्सव को व्यापक रूप से मनाने के साथ-साथ समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश पहुंचाना है। आयोजन से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
सनातन प्रहरी के प्रचार प्रमुख बाला शीतोले ने बताया कि वाराह मार्च को लेकर प्रचार-प्रसार का पहला चरण पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में बस्ती, मोहल्ला और ग्रामीण क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर लोगों को आयोजन से जोड़ने तथा वाहन रैली में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया जाएगा।









