News

नेशन बुलेटिन धार। धार के औद्योगिक क्षेत्र उज्जैनी में नई अत्याधुनिक फार्मा इकाई का भव्य शुभारंभ।

WhatsApp
Facebook
Twitter

MSME मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने दीप प्रज्वलन व फीता काटकर किया उद्घाटन, आगामी विस्तार का शिलान्यास भी संपन्न*

*API ड्रग उद्योगों के लिए मध्य प्रदेश सरकार दे रही है 52 प्रतिशत तक का विशेष कैपिटल अनुदान; “स्वस्थ जीवन-समृद्ध भारत” के संकल्प के साथ शुरू हुई ‘मैडइम्पैक्ट लाइफसाइंसेज’*

*धार 31 मई 2026।* मध्य प्रदेश के धार जिले के औद्योगिक परिदृश्य में आज एक नया और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। फार्मास्युटिकल क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी ‘मैडइम्पैक्ट लाइफसाइंसेज प्रा. लि.’ (MadImpact Lifesciences) द्वारा जिले के ग्राम-उज्जैनी स्थित MPIDC औद्योगिक क्षेत्र स्थापित अत्याधुनिक नई विनिर्माण इकाई का आज भव्य उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ।

इस भव्य औद्योगिक संयंत्र का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री श्री चैतन्य काश्यप द्वारा परंपरा अनुसार दीप प्रज्वलन कर एवं फीता काटकर किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संस्थान के आगामी विस्तार चरण के लिए शिलान्यास (Foundation Stone Laying) भी संपन्न किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री विक्रम वर्मा ने की। इस गरिमापूर्ण औद्योगिक समागम में विशिष्ट अतिथि के रूप में धार क्षेत्र की विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी व पूर्व भाजपा जिला महामंत्री श्री अशोक जैन तथा विश्व कल्याण अनुष्ठान केन्द्र के प्रेरणा प्रणेता डॉ. भरतकुमार जी ओझा (भानू भाई सा.) विशेष रूप से मंच पर उपस्थित रहे।

 

*API और फार्मा सेक्टर में आत्मनिर्भरता ही असली राष्ट्रसेवा: – मंत्री श्री चैतन्य काश्यप*

 

समारोह में मुख्य नीतिगत उद्बोधन देते हुए MSME मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि API (Active Pharmaceutical Ingredients) और स्टेरॉयड का निर्माण चिकित्सा और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक ‘लाइफलाइन’ है। यह दवाओं के निर्माण का वह मूल तत्व है जिसके बिना कोई भी अंतिम मेडिसिन तैयार नहीं की जा सकती। उन्होंने देश के विकास को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘स्वदेशी’ और ‘मेक इन इंडिया’ के विज़न को फार्मास्युटिकल सेक्टर में सच करने के लिए देश में ऐसे ड्रग्स विनिर्माण यूनिट्स का आना बेहद आवश्यक है। यह उद्यम केवल एक व्यावसायिक इकाई नहीं है, बल्कि देश को दवाओं के आयात के मामले में आत्मनिर्भर बनाने का एक राष्ट्रसेवा और जनसेवा का बहुत बड़ा माध्यम है।

 

*फार्मा उद्योगों के लिए सरकार की विशेष नीतियां और अनुदान*

 

राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों और उद्योगों को दी जाने वाली रियायतों को स्पष्ट करते हुए मंत्री श्री काश्यप ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि जहाँ सामान्य एमएसएमई उद्योगों को सरकार द्वारा 40 प्रतिशत का कैपिटल अनुदान (Subsidy) दिया जाता है, वहीं हमारी सरकार की विशेष फार्मा नीति के तहत इस अत्यंत महत्वपूर्ण API ड्रग यूनिट को 52 प्रतिशत तक का विशेष कैपिटल अनुदान (Subvention) दिया जा रहा है।

उन्होंने कंपनी के निदेशकों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि टेक्सटाइल (कपड़ा उद्योग) बैकग्राउंड से होने और फार्मा क्षेत्र का पूर्व अनुभव न होने के बावजूद, स्थानीय उद्यमियों ने जिस जीवटता, कड़ी मेहनत और हिम्मत से इस अत्यंत तकनीकी और चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारा है, वह मध्य प्रदेश के औद्योगिक समाज के लिए गौरवमयी है। सरकार का मुख्य प्रयास यही है कि बाहरी निवेशकों के साथ-साथ हमारे मध्य प्रदेश के स्थानीय उद्यमी भी आगे आएं और ऐसे तकनीकी उद्योगों में निवेश करें ताकि राज्य देश का सबसे बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब बन सके।

 

*पारिवारिक संस्कारों और “स्वस्थ जीवन-समृद्ध भारत” का संकल्प: निदेशक श्री संजय जैन*

 

इसके पूर्व, समारोह की शुरुआत में अतिथियों का आत्मीय और आदरपूर्वक स्वागत करते हुए कंपनी के निदेशक श्री संजय रमनलाल जैन ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि आज का दिन उनके पोधीत्ता परिवार के लिए अत्यंत हर्ष एवं गर्व का अवसर लेकर आया है। परिवार के आधार स्तंभ पूजनीय दादाजी स्व. श्री मन्नालाल जी जैन एवं पूजनीय दादीजी स्व. श्रीमती ताराबाई जैन के आशीर्वाद और संस्कारों की बदौलत ही आज इस औद्योगिक वटवृक्ष में ‘मैडइम्पैक्ट लाइफसाइंसेज’ के रूप में एक नई शाखा का विस्तार हो रहा है।

उन्होंने कंपनी के मूल विज़न को स्पष्ट करते हुए कहा कि मैडइम्पैक्ट लाइफसाइंसेज सिर्फ एक औद्योगिक संयंत्र का नाम नहीं है, बल्कि यह एक बड़े संकल्प की शुरुआत है, और वह संकल्प ‘स्वस्थ जीवन–समृद्ध भारत’ है। कंपनी का एकमात्र उद्देश्य देश को उच्च गुणवत्तायुक्त, पूर्णतः सुरक्षित और प्रभावशाली औषधियों का निर्माण कर सौंपना है ताकि चिकित्सा जगत और पीड़ित समाज की सच्ची सेवा की जा सके।

 

*कोविड महामारी के विचार मंथन से उपजा प्रोजेक्ट*

 

उद्योग की पृष्ठभूमि साझा करते हुए श्री संजय जैन ने बताया कि आज से लगभग 4-5 वर्ष पूर्व जब पूरा विश्व कोविड-19 महामारी की भीषण गिरफ्त में था और देश में लॉकडाउन लगा हुआ था, उस कठिन समय में उनके और उनके कज़न व सहयोगी निदेशक श्री आशीष कैलाश चंद जैन के मध्य हुए गहन विचार मंथन से इस विशिष्ट फार्मा उद्योग के निर्माण की नींव पड़ी थी। इस चुनौतीपूर्ण यात्रा में माता-पिता के आशीर्वाद, संपूर्ण परिवार के नैतिक सहयोग और मैडइम्पैक्ट की तकनीकी टीम के दिन-रात के अथक परिश्रम से यह कंपनी आज इस भव्य मुकाम तक पहुँची है।

विज्ञान, तकनीक और निरंतर अनुसंधान (Research) पर आधारित इस अत्याधुनिक प्लांट के शुरू होने और आज संपन्न हुए आगामी विस्तार चरण के शिलान्यास से न केवल क्षेत्रीय स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र में नवाचार को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर सैकड़ों ग्रामीण व शहरी युवाओं के लिए तकनीकी, वैज्ञानिक और प्रशासनिक स्तर पर रोजगार के नए और बेहतर अवसर सृजित होंगे।

संयंत्र के विधिवत शुभारंभ और आगामी विस्तार की आधारशिला रखे जाने पर परिवारजनों, पीथमुपर व धार क्षेत्र के औद्योगिक संगठनों, व्यापारिक मंडलों और स्थानीय नागरिकों ने गहरा हर्ष व्यक्त किया है। कार्यक्रम के अंत में निदेशक ने सभी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष सहयोगियों, अधिकारीगणों, आगंतुकों एवं पत्रकारबंधुओं के प्रति आभार ज्ञापित किया।

Recent Comments

No comments to show.