News

नेशन बुलेटिन धार। टी. राजा सिंह के प्रस्तावित भोजशाला दौरे पर आपत्ति, मुस्लिम पक्ष ने सौंपा आवेदन।

WhatsApp
Facebook
Twitter

धार। 15 मई को भोजशाला मामले में न्यायालय का फैसला आने के बाद से लगातार विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों, संतों और जनप्रतिनिधियों का भोजशाला आगमन जारी है। इसी क्रम में शनिवार को जानकारी सामने आई कि हैदराबाद के विधायक टी. राजा सिंह भी भोजशाला आने वाले हैं।

इसको लेकर भोजशाला प्रकरण में मुस्लिम पक्ष के याचिकाकर्ता अब्दुल समद ने धार थाना प्रभारी को एक आवेदन सौंपा है। आवेदन में उन्होंने मांग की है कि ऐसे व्यक्तियों के आगमन पर रोक लगाई जाए, जो कथित रूप से भड़काऊ बयान देकर सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मुस्लिम समाज और उनके धार्मिक स्थलों को लेकर अनावश्यक बयानबाजी करते हैं, जिससे जिले की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। आवेदन में इस प्रकार की बयानबाजी पर रोक लगाने की मांग की गई है।

वहीं इस मामले में भोज उत्सव समिति के महाप्रबंधक हेमंत दोराया ने कहा कि अब तक भोजशाला आने वाले किसी भी संत, नेता या संगठन के प्रतिनिधि द्वारा इस प्रकार की भाषा का उपयोग नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति यहां आता है, वह एकता, हिंदुत्व और भोजशाला को हिंदुओं को सौंपने की बात करता है। उन्होंने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि किसी ने भी समाज विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग नहीं किया है।

इधर, धार थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले में नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

Recent Comments

No comments to show.