News

नेशन बुलेटिन धार।गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और ‘राष्ट्रीय गौ माता’ का दर्जा देने की मांग, इंदौर में संत समाज ने सौंपा ज्ञापन।

WhatsApp
Facebook
Twitter

इंदौर, विश्वगुरु। शहर में सोमवार को गौ संरक्षण को लेकर साधु-संतों का व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला। तपोनिष्ठ संत श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर राजगुरु जी महाराज के सानिध्य में संत समाज ने एकजुट होकर गौहत्या पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गाय को “राष्ट्रीय गौ माता” घोषित करने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

संतों और गौभक्तों ने शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रैली निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में धार्मिक संगठनों, महिला मंडलों और युवाओं ने भागीदारी की। रैली के दौरान “गौहत्या बंद करो” और “गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दो” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और राष्ट्रपति, राज्यपाल तथा केंद्र सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में संत समाज ने देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने, अवैध स्लॉटर हाउस पर तत्काल रोक लगाने तथा गौवंश संरक्षण के लिए सख्त और प्रभावी कानून बनाए जाने की मांग रखी। साथ ही, गाय को राष्ट्रीय स्तर पर “गौ माता” का दर्जा देने की बात भी प्रमुख रूप से उठाई गई। इस अवसर पर दीपाली दुबे, दिव्या शर्मा, बीडी तिवारी, गणेश सोनी, अनूप शुक्ला एवं राजेश बिजवे ने कहा कि सरकार को इस विषय पर तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय हित से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है, जिस पर गंभीरता से निर्णय लिया जाना आवश्यक है। कार्यक्रम में विभिन्न मठ-मंदिरों से जुड़े संतों के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। संत समाज ने आम नागरिकों से भी गौ सेवा और संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। उल्लेखनीय है कि इस तरह के ज्ञापन और प्रदर्शन केवल इंदौर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मध्यप्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी मुद्दे को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। संत समाज का कहना है कि यह आंदोलन राष्ट्रीय स्तर पर गौ संरक्षण के लिए जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Recent Comments

No comments to show.