दुपद डांस एकेडमी द्वारा इंदौर में ‘नूपुरध्वनि भरतनाट्यम महोत्सव के 15वें संस्करण का आयोजन
इंदौर – शहर की प्रतिष्ठित संस्था द्रुपद डांस एकेडमी द्वारा आगामी 22 अप्रैल, 2026 को अपने बहुप्रतीक्षित भरतनाट्यम उत्सव नूपुरध्वनि’ के 15वें संस्करण का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से आनंद मोहन माथुर सभागार में आयोजित होगा, जो शास्त्रीय नृत्य प्रेमियों के लिए एक आध्यात्मिक और कलात्मक अनुभव का केंद्र बनेगा। एकेडमी के निदेशक के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव में कुल 58 विद्यार्थी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इस समूह की विशेषता इसकी विविधता है, जिसमें 4 वर्ष के नन्हे कलाकारों से लेकर 40 वर्ष तक के अनुभवी साधक शामिल हैं। यह एकेडमी की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है जिसके तहत भरतनाट्यम की प्राचीन विरासत को हर पीढ़ी तक पहुँचाया जा रहा है। इस वर्ष के महोत्सव का मुख्य आकर्षण विशेष थीम पर आधारित प्रस्तुति “भावयामि” है। भगवान श्री राम के जीवन और उनके आदर्शों पर केंद्रित यह नृत्य संरचना महाराजा स्वाति तिरुनल की कालजयी रचनाओं पर आधारित है। मुख्य प्रस्तुति के अतिरिक्त, एकेडमी के नन्हे विद्यार्थियों द्वारा पुष्पांजलि, कवित्वम और पदम जैसे पारंपरिक नृत्य अंगों की प्रस्तुति दी जाएगी, जो दर्शकों को शुद्ध नृत्य (नृत) और भाव (अभिनय) के संगम से मंत्रमुग्ध कर देंगे। नृत्य की प्रस्तुति को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए देश के विख्यात कलाकारों द्वारा जीवंत (लाइव) संगीत दिया जाएगाः
गायनः अंतरराष्ट्रीय कर्नाटक संगीत गायक श्री शिवप्रसाद एन. एन. (मुंबई)
वायलिनः डॉ. नारायण रमन (मुंबई) मृदंगमः श्री यशवंत हम्पीहोली (बेंगलुरु)
बांसुरीः श्री श्याम मालवीय नट्टुवांगमः डॉ. आशीष पिल्लईइस गरिमामयी शाम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्री शंकर लालवानी जी (सांसद) उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि प्रख्यात कथक नृत्यांगना डॉ. रागिनी माखर जी होंगी।









