
धार। क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित रेलवे प्रोजेक्ट को लेकर आज ऐतिहासिक दिन रहा। पीथमपुर से सागौर होते हुए रेलवे का टेस्टिंग इंजन आज ट्रायल रन के तहत धार के लिए रवाना हुआ, जिसके शाम लगभग 4 बजे तक धार पहुंचने की संभावना है।

धार में रेलवे लाइन लाने की मांग वर्षों नहीं बल्कि दशकों से उठती रही है। करीब 25 से 30 वर्षों से इस सपने को साकार करने के लिए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने लगातार प्रयास किए। इस रेलवे लाइन के लिए संघर्ष करने वाले कई लोग आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका देखा हुआ सपना आज हकीकत बनता नजर आ रहा है।
यह ट्रायल रन इंदौर–दाहोद रेलवे परियोजना के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसके तहत ट्रैक बिछाने, स्टेशन निर्माण और अन्य तकनीकी कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं। अब रेलवे द्वारा परीक्षण की प्रक्रिया शुरू की गई है।
ट्रायल के दौरान ट्रैक की मजबूती, सिग्नल सिस्टम, ब्रिज और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। इसके बाद सुरक्षा मंजूरी मिलने पर इस रूट पर नियमित ट्रेन संचालन प्रारंभ किया जाएगा।
रेलवे की इस पहल से धार, पीथमपुर और आसपास के क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। खासतौर पर पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के लिए यह रेल लाइन परिवहन और व्यापार की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।
आज जब रेलवे का इंजन इस ट्रैक पर दौड़ा, तो पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया। वर्षों से जिस रेलवे लाइन का इंतजार किया जा रहा था, वह अब हकीकत में बदलती नजर आ रही है।









