News

नेशन बुलेटिन धार। सेवा संकल्प अभियान अभियान अंतर्गत आयोजित सेवा मेरा योगदान अभियान।

WhatsApp
Facebook
Twitter

 

*जल व पर्यावरण संरक्षण हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी: केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर*

 

*गांधी जयंती पर देवी सागर तालाब पर हुआ विशाल स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम*

*केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर और क्षेत्रीय विधायक की उपस्थिति में नागरिकों ने ली स्वच्छता व नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ*

 

*देवी सागर तालाब परिसर में किया गया पौधारोपण; सफाई मित्रों का किया गया सम्मान*

*धार 2 अक्टूबर 2026।* सेवा संकल्प अभियान अभियान अंतर्गत आयोजित सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत 2 से 10 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियां का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को नगर पालिका परिषद, धार के तत्वावधान में “सेवा संकल्प अभियान” (17 सितंबर से 17 अक्टूबर) के अंतर्गत देवी सागर तालाब परिसर में विशाल स्वच्छता, श्रमदान एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “सेवा से समृद्ध भारत – सेवा मेरा योगदान” तथा “छोटा सा प्रयास, बड़ा परिवर्तन” के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सफाई कर्मियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

 

*जल व पर्यावरण संरक्षण हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी: केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर*

 

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि केवल एक दिन की सफाई से स्वच्छता नहीं आती, इसे हमें अपनी दैनिक दिनचर्या और आदत में ढालना होगा। उन्होंने जल और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जल ही जीवन है और वृक्षारोपण तथा स्थानीय जल स्रोतों को सुरक्षित रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘स्वच्छ भारत’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों और ऐतिहासिक धरोहरों की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने नगर पालिका परिषद को देवी सागर तालाब परिसर में सतत् स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु कर्मचारियों की नियुक्ति और जन-जागरूकता के लिए साउंड सिस्टम/माइक लगाने को कहा। साथ ही, उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग करने, स्वस्थ रहने तथा नियमित पौधारोपण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने स्वच्छता एवं नशामुक्ति के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के साथ-साथ समाज को नशा मुक्त बनाने और स्वयं भी नशा न करने की सामूहिक शपथ ली।

नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में समर्पित भूमिका निभाने वाले नगर पालिका के सफाईकर्मियों (सफाई मित्रों) का अतिथियों द्वारा पुष्पहार पहनाकर एवं आभार व्यक्त कर विशेष सम्मान किया गया।

देवी सागर तालाब परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया गया। उपस्थित समस्त नागरिकों, अधिकारियों व बच्चों ने स्वच्छता अपनाने तथा नशा मुक्ति हेतु सामूहिक शपथ ली। पर्यावरण चेतना का संदेश देती जन-जागरूकता रैली निकाली गई तथा परिसर में वृहद स्तर पर पौधारोपण किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती नीना वर्मा, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना, नगर पालिका अध्यक्ष, विभिन्न विभागों के शासकीय अधिकारी – कर्मचारी, नगर पालिका के कर्मचारी, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Recent Comments

No comments to show.