
इंदौर, 30 सितंबर 2026। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर द्वारा योग विषय से संबंधित योग अध्ययन मंडल के गठन में महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी संशोधन अधिसूचना क्रमांक शैक्षिक/1/योग/2026/1773, दिनांक 30 सितंबर 2026 के अनुसार डॉ. हेमंत शर्मा, विभागाध्यक्ष, योग विभाग, चौइथराम कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, इंदौर को योग अध्ययन मंडल के अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है।
विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार पूर्व में डॉ. शिव शंकर शर्मा, विभागाध्यक्ष, योग केन्द्र विभाग, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर को मध्यप्रदेश विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा 28(2) के अंतर्गत योग अध्ययन मंडल का सदस्य एवं अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वर्तमान में उनके संबंध में विभागीय जांच चल रही होने के कारण उनके स्थान पर डॉ. हेमंत शर्मा को योग अध्ययन मंडल का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
यह संशोधन मध्यप्रदेश विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा 28(2) के अंतर्गत किया गया है।
डॉ. हेमंत शर्मा योग शिक्षा एवं प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी योग के प्रचार-प्रसार का अनुभव प्राप्त है। भारत सरकार की ओर से जापान, केन्या, जाम्बिया सहित विभिन्न देशों में जाकर उन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा भारतीय योग परंपरा के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उनके प्रयास उनके व्यापक अनुभव को दर्शाते हैं।
डॉ. हेमंत शर्मा के अध्यक्ष पद पर मनोनयन से विश्वविद्यालय में योग शिक्षा, पाठ्यक्रम विकास, शोध कार्य, अकादमिक गतिविधियों तथा योग विषय से संबंधित शैक्षणिक कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। उनके शैक्षणिक अनुभव के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग के प्रचार-प्रसार से जुड़े अनुभव का लाभ योग अध्ययन मंडल को मिलने की संभावना है।
इस संबंध में जानकारी मीडिया प्रमुख डॉ. प्रमोद नंदवाल ने दी। उन्होंने बताया कि डॉ. हेमंत शर्मा की नियुक्ति योग शिक्षा और अकादमिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डॉ. शर्मा के मार्गदर्शन में योग अध्ययन मंडल विश्वविद्यालय में योग से जुड़े शैक्षणिक, शोधपरक एवं रचनात्मक कार्यों को नई गति प्रदान करेगा।
डॉ. हेमंत शर्मा की नियुक्ति पर कुलगुरु प्रो. राकेश सिंघई, डॉ. सुधीरा चंदेल, श्री अश्विनी वर्मा, डॉ. प्रमोद नंदवाल, श्री अनिल अग्रवाल, सुश्री रौनक सोनी, श्री प्रेम दुआ, श्री मनोज वर्मा एवं श्री चंद्रशेखर तिवारी सहित अनेक शिक्षकों, विद्यार्थियों, योग विशेषज्ञों एवं योग क्षेत्र से जुड़े संस्थानों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. हेमंत शर्मा के नेतृत्व में योग अध्ययन मंडल योग शिक्षा के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण पाठ्यक्रम निर्माण, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा योग विषय में शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए उल्लेखनीय कार्य करेगा।









