News

नेशन बुलेटिन धार। प्रदेश की लड़ाई के साथ क्षेत्र का विकास मेरी पहली प्राथमिकता : उमंग सिंघार

WhatsApp
Facebook
Twitter

प्रदेश की लड़ाई के साथ क्षेत्र का विकास मेरी पहली प्राथमिकता : उमंग सिंघार

 

तीन ग्रामीण मार्गों के लिए 17.20 करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति, भूमिपूजन कर ग्रामीणों को दी सौगात; गांव-गांव ढोल-ढमाकों के साथ हुआ स्वागत

 

गंधवानी। प्रदेश की समस्याओं को विधानसभा में उठाने के साथ-साथ क्षेत्र का विकास मेरी पहली प्राथमिकता है। खाद, रोजगार, बिजली और पानी जैसी समस्याओं को लेकर मैं लगातार आपकी आवाज दमखम से उठाता रहूंगा। ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए हाल ही में तीन महत्वपूर्ण सड़कों की स्वीकृति करवाई है, जिनका निर्माण कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ होगा। यह बात नेता प्रतिपक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक उमंग सिंघार ने ग्राम साली, काबरवा, पीपली, सोनगांव और सेंदला क्षेत्र के दौरे के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही।

 

सिंघार ने बताया कि क्षेत्र में तीन सड़क मार्गों के निर्माण के लिए करोड़ों रुपए की स्वीकृति मिली है। इनमें ग्राम देदली बी से ब्राह्मणगांव होते हुए सेंदला फाटा मार्ग के लिए 3 करोड़ 71 लाख 7 हजार रुपए, पिपली-सोनगांव मेन रोड से अम्बापुर होते हुए सेंदला तक मार्ग के लिए 8 करोड़ 63 लाख 95 हजार रुपए तथा गंधवानी-चिकली मार्ग से साली गाडरियापुर होते हुए सोयला मेन मार्ग के लिए 4 करोड़ 85 लाख 58 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इन तीनों मार्गों की कुल लंबाई 10.40 किलोमीटर है और कुल स्वीकृत राशि 17 करोड़ 20 लाख 60 हजार रुपए है।

 

ग्रामीण और आदिवासी अंचलों को मिलेगी बेहतर सुविधा

 

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक उमंग सिंघार ने ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए इन सड़क मार्गों के लिए करोड़ों रुपए की स्वीकृति करवाई है। इन मार्गों के निर्माण से ग्रामीण एवं दूरस्थ आदिवासी अंचलों में आवागमन सुगम होगा। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने तथा व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।

 

जोशी ने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल सड़कों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि जनजातीय भाई-बहनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी जरूरी है। क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर उमंग सिंघार लगातार सरकार के सामने आवाज उठा रहे हैं।

 

गांव-गांव हुआ स्वागत, भूमिपूजन में उमड़े ग्रामीण

दौरे के दौरान विभिन्न गांवों में उमंग सिंघार का ग्रामीणों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-ढमाकों के साथ स्वागत किया। सड़क निर्माण कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कमला धारवे, लाखन काग, दिलीप राठौड़, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राय सिंह, अशोक सतपुड़ा, ग्राम पंचायतों के सरपंच, उपसरपंच सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Recent Comments

No comments to show.