News

नेशन बुलेटिन धार। तिल्लौर खुर्द से पिपलिया लोहार खेड़ापति आश्रम भागवत कथा कलश यात्रा,महा मंडलेश्वर लेगे 72 घंटे भू- समाधि साधना।

WhatsApp
Facebook
Twitter

इंदौर( महेंद्र शर्मा)—

इंदौर। ग्राम तिल्लौर खुर्द से पिपलिया लोहार स्थित खेड़ापति आश्रम तक बुधवार को निकली भव्य कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्ति, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। लगभग 4 किलोमीटर लंबी इस दिव्य यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी रही, जिससे मार्ग के दोनों ओर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा और पूरा क्षेत्र उत्सव स्थल में परिवर्तित हो गया। यात्रा का शुभारंभ तिल्लौर खुर्द से आकर्षक झांकियों से सुसज्जित भव्य वाहन रैली के रूप में हुआ, जो पिपलिया लोहार पहुंची। इसके पश्चात यहां से आयोजन स्थल खेड़ापति आश्रम तक पारंपरिक कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश धारण कर अनुशासित पंक्तियों में भक्ति भाव से आगे बढ़ती नजर आईं, जिसने आयोजन को दिव्यता प्रदान की।
यात्रा में बग्घी, घोड़े और सजीव (लाइव) झांकियों ने विशेष आकर्षण बटोरा। मुंबई की प्रसिद्ध एम मानसी इवेंट कंपनी द्वारा प्रस्तुत धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इन झांकियों को देखने के लिए मार्ग में जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ती रही, जिससे यात्रा का स्वरूप और अधिक भव्य हो उठा। पूरे मार्ग में यात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने घर-घर के सामने पुष्पवर्षा कर संत श्री का अभिनंदन किया। तपोनिष्ठ संत श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर श्री राजगुरु जी महाराज को अपने बीच पाकर ग्रामीण भाव-विभोर हो उठे। संत श्री स्वयं पैदल चलते हुए हर घर के सामने पहुंचे, जिससे प्रत्येक श्रद्धालु को उनके दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला।
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने इसे अद्वितीय अनुभव बताते हुए कहा कि इस प्रकार की भव्य और सजीव झांकियों से सुसज्जित कलश यात्रा उन्होंने पहली बार देखी। विशेष बात यह रही कि यात्रा के प्रारंभ से समापन तक मौसम भी अनुकूल बना रहा। तेज धूप के बीच शुरू हुआ आयोजन प्रभु कृपा से सुहावने वातावरण में परिवर्तित हो गया, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया।
महोत्सव के अंतर्गत खेड़ापति आश्रम में प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म, भक्ति और ज्ञान का रसास्वादन कर रहे हैं। इसी क्रम में तपोनिष्ठ संत श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर श्री राजगुरु जी महाराज द्वारा 10 अप्रैल को दोपहर 12:45 बजे से 72 घंटे की तीन दिवसीय भू-समाधि साधना ग्रहण की जाएगी, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्सुकता बनी हुई है।
महोत्सव के समापन अवसर पर 14 अप्रैल को सर्व समाज का निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं क्षेत्रीय विधायक सुश्री उषा ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य आयोजन का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।

 

Recent Comments

No comments to show.