कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया की अमर्यादित और कुत्सित मानसिकता वाली टिप्पणी पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया का तीखा प्रहार।
“बेटियों के सम्मान से खिलवाड़ करने वाले विधायक को सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए, कांग्रेस अपनी चुप्पी तोड़े”- केबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया
झकनावदा/पेटलावद:-(राजेश काॅसवा)-
झाबुआ मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास केबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने भांडेर से कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया द्वारा महिलाओं और विशेषकर पिछड़े एवं दलित वर्ग की बेटियों को लेकर दिए गए अत्यंत आपत्तिजनक और संवेदनहीन बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। सुश्री भूरिया ने इसे न केवल महिलाओं की गरिमा पर चोट बताया,बल्कि इसे अपराधी मानसिकता को संरक्षण देने वाला बयान करार दिया है।
मंत्री भूरिया ने कहा, “एक जनप्रतिनिधि के मुख से ऐसी भाषा सुनना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि वीभत्स है। फूलसिंह बरैया का यह कहना कि ‘खूबसूरत लड़की को देखकर दिमाग विचलित हो सकता है और रेप हो सकता है, सीधे तौर पर बलात्कार जैसे जघन्य अपराध को न्यायोचित ठहराने की कोशिश है। यह बयान हमारी बेटियों की सुरक्षा और उनके सम्मान के प्रति कांग्रेस की दूषित मानसिकता को उजागर करता है।
कांग्रेस नेतृत्व से सवाल-
कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने सवाल किया कि ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ का नारा देने वाली कांग्रेसी सांसद प्रियंका गांधी अपनी पार्टी के नेता के इस घृणित बयान पर मौन क्यों हैं? क्या सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अपने विधायक की इस घटिया सोच से सहमत हैं?
इस्तीफे की मांग:- मंत्री ने मांग की है कि कांग्रेस पार्टी को तुरंत फूलसिंह बरैया को निष्कासित करना चाहिए और विधायक को प्रदेश की समस्त नारी शक्ति से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
हमारी सरकार में सुरक्षित है बेटियां-
“मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार में बेटियों का सम्मान सर्वोपरि है। हम ऐसी किसी भी मानसिकता को स्वीकार नहीं करेंगे जो हमारी माताओं-बहनों को वस्तु की तरह देखती हो या उनके खिलाफ हिंसा को प्रेरित करती हो। फूलसिंह बरैया ने समाज को बांटने और महिलाओं को नीचा दिखाने का जो पाप किया है, उसके लिए उन्हें जनता कभी माफ नहीं करेगी।









