
चैत्र नवरात्रि: शक्ति और नई ऊर्जा का संदेश – विधायक वर्मा

विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत सूर्य उपासना कार्यक्रम महाराजा भोज पी.जी. कॉलेज, धार में गरिमामय रूप से संपन्न

*धार, 19 मार्च 2026।* मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार सृष्टि आरंभ दिवस, वर्ष प्रतिपदा एवं विक्रम संवत् 2083 के शुभारंभ के अवसर पर जिला मुख्यालय धार स्थित महाराजा भोज पी.जी. कॉलेज सभागृह में सूर्य उपासना कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय रूप से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा एवं विधायक धार श्रीमती नीना वर्मा की गरिमामय उपस्थिति रही। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए सूर्य उपासना एवं नव संवत्सर उत्सव में भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत परंपरानुसार ब्रह्मध्वज स्थापना की गई तथा सांस्कृतिक आयोजन भी संपन्न हुए। साथ ही ‘‘सम्राट विक्रमादित्य’’ विषय पर आधारित नाट्य प्रस्तुति का मंचन कर दर्शकों को भारतीय संस्कृति एवं गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने समस्त धार जिले के नागरिकों को नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। अपने संदेश में उन्होंने कामना की कि यह नववर्ष सभी के जीवन में सुख, समृद्धि एवं नई खुशियां लेकर आए।
श्री मिश्रा ने जिले की निरंतर प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि धार जिले ने संयम, धैर्य एवं दूरदर्शिता का जो परिचय दिया है, वह सराहनीय है। उन्होंने जिले में शांति एवं धार्मिक सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि विकास की इस यात्रा में सभी वर्गों का सहयोग अनिवार्य है।
प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा, “यह समय संकल्प का है। 2047 तक देश को विकसित बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हमें अपने जिले को भी विकसित करना होगा। इस महत्वपूर्ण कालखंड में हमारे युवाओं, माताओं और बहनों का सक्रिय सहयोग जिले को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नया वर्ष जिले के प्रत्येक नागरिक में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने नववर्ष, गुड़ी पड़वा एवं चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर समस्त क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा जिले की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में चैत्र नवरात्रि का विशेष महत्व है, जहाँ से हम शक्ति एवं नई ऊर्जा का संचय करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित मातृशक्ति, युवाओं एवं वरिष्ठजनों का अभिनंदन करते हुए जिला प्रशासन की सक्रियता की सराहना की।
श्रीमती वर्मा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ एवं मुख्यमंत्री के ‘विकसित मध्यप्रदेश’ के विजन को रेखांकित करते हुए कहा कि इसमें ‘विकसित धार’ का संकल्प अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आह्वान किया, “विकास के इस महायज्ञ में प्रत्येक नागरिक की भूमिका अहम है। यदि हम सभी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे, तो हमारा धार और अधिक समृद्ध बनेगा।”
उन्होंने अंत में सभी परिवारों के लिए मंगलकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह नववर्ष धार के विकास एवं जनकल्याण में एक नया अध्याय स्थापित करेगा। मुख्य अतिथियों द्वारा कलाकारों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने भी नव संवत्सर की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय परंपराओं एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी, बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं महिलाएं उपस्थित रही।










