धार।
इंदौर में आयोजित राज्य स्तरीय ओपन शतरंज चैम्पियनशिप में धार जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित किया। रविवार को इंदौर चेस क्लब द्वारा मेडिकैप्स स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, इंदौर में आयोजित इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ियों ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता में सत्व शतरंज अकादमी, धार के युवा खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कई उपलब्धियां अपने नाम कीं। अकादमी के खिलाड़ी अथर्व दशोरा ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए नकद पुरस्कार अर्जित किया। वहीं रुद्राक्ष बोरगांवकर, मोहनिश महाजन, लाभांश खंडेलवाल, श्रिया अग्रवाल, मिशिता महाजन एवं मुदिल जैन ने कड़े मुकाबलों में पदक जीतकर अकादमी व जिले की प्रतिष्ठा बढ़ाई।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पहली बार भाग ले रहे हिमांगी जाट और सिद्धार्थ जाट ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। हिमांगी जाट ने 3.5 अंक तथा सिद्धार्थ जाट ने 2.5 अंक अर्जित कर भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की संभावनाएं जताईं।
उभरते खिलाड़ी लाभांश खंडेलवाल ने इंदौर के खिलाड़ी को पराजित कर पदक अपने नाम किया।
आयोजकों एवं प्रशिक्षकों ने सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता ने प्रदेश में शतरंज के बढ़ते स्तर और उभरती युवा प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान किया। इस अवसर पर प्रशिक्षक तन्मय कुलश्रेष्ठ एवं प्रबल कुशवाह ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया।









