
23 जनवरी को एक ही दिन बसंत पंचमी और शुक्रवार, भोजशाला विवाद के मद्देनज़र पूरे जिले में कड़े सुरक्षा इंतज़ाम
सादलपुर।
23 जनवरी को बसंत पंचमी का पर्व और शुक्रवार एक ही दिन पड़ने के चलते, साथ ही धार की ऐतिहासिक भोजशाला से जुड़े मामलों को लेकर जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए आज सदलपुर नगर में पुलिस द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना प्रभारी सविता चौधरी ने किया। इस दौरान भारी पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च कर स्थिति का जायजा लिया गया।
थाना प्रभारी सविता चौधरी ने बताया कि बसंत पंचमी और शुक्रवार को लेकर प्रशासन किसी भी प्रकार की चूक नहीं चाहता। भोजशाला से जुड़े हालातों के कारण जिले में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी तरह की अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। जिले में सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम किए गए हैं और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।









