News

नेशन बुलेटिन धार। ग्राम झुमका,पारा एवं लखपुरा में विकास कार्यों को मिली नई गति।

WhatsApp
Facebook
Twitter

*केबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण एवं विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया*

*झकनावदा/पेटलावद:-(राजेश काॅसवा)-*

झाबुआ, 09 जनवरी 2026 महिला
एवं बाल विकास विभाग कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने आज जिले के विभिन्न ग्रामों में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन कर ग्रामीण विकास को नई दिशा प्रदान की। कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम झुमका में 11.22 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन आंगनवाड़ी भवन का विधिवत लोकार्पण संपन्न हुआ। इसके पश्चात पारा में ग्राम पंचायत अंतर्गत 37.50 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित नवीन भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। इसी क्रम में लखपुरा गांव में 38 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित पुलिया सह स्टॉप डैम निर्माण कार्य का भूमि पूजन संपन्न हुआ।

महिला एवं बाल विकास विभाग कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक ग्राम तक विकास की रोशनी पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत आधारभूत संरचना का निर्माण ही समग्र विकास की पुंजी है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास की प्रथम पाठशाला होते हैं। नवीन आंगनवाड़ी भवन के निर्माण से बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त वातावरण मिलेगा, जिससे पोषण स्तर में सुधार होगा तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएँ और अधिक प्रभावी बनेंगी। यह भवन महिला एवं बाल विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को भी मजबूती प्रदान करेगा। केबिनेट मंत्री सुश्री भूरिया ने आगे कहा कि पारा में प्रस्तावित नवीन भवन निर्माण से ग्राम पंचायत की प्रशासनिक गतिविधियों को सशक्त मंच मिलेगा, जिससे योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी एवं प्रभावी रूप से हो सकेगा। यह भवन ग्रामीणों के लिए सुविधा केंद्र के रूप में कार्य करेगा और विकास कार्यों में उनकी सहभागिता को बढ़ाएगा। उन्होंने लखपुरा में पुलिया सह स्टॉप डैम निर्माण कार्य को क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे वर्षा जल का संरक्षण होगा, भूजल स्तर में वृद्धि होगी तथा किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही पुलिया निर्माण से आवागमन सुविधा सुदृढ़ होगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यापारिक गतिविधियों में भी सहजता आएगी। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री भानु भूरिया, पूर्व जिला महामंत्री श्री सोमसिंह सोलंकी, जिला पंचायत सदस्य श्री वालसिंह मसानिया, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Recent Posts

Recent Comments

No comments to show.