IBPS क्लर्क भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ाः दूसरे को बैठाकर पाई बैंक की नौकरी, बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन में SBI बैंक अधिकारी समेत “मुन्नाभाई” क्लर्क गिरफ्तार
थाना नौगांव पर दिनांक 06.01.2026 को फरियादी अरुण कुमार जैन, उप आंचलिक प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया धार द्वारा मय स्टाफ उपस्थित होकर लिखित सूचना दी गई।
सूचना में बताया गया कि वर्ष 2022 एवं 2024 में आयोजित IBPS क्लर्क भर्ती परीक्षा के माध्यम से
पंकज पिता मदन मोहन मीणा, उम्र 27 वर्ष, निवासी कुंजागांव जिला करौली (राजस्थान)
राकेश पिता चिरंजीलाल मीणा, उम्र 34 वर्ष, निवासी गोठेरा थाना सपोटरा जिला करौली (राजस्थान)
की नियुक्ति क्लर्क पद पर हुई थी। वर्तमान में पंकज मीणा शाखा अंजड़ जिला बड़वानी तथा राकेश मीणा बैंक ऑफ इंडिया शाखा बांगड़दा जिला खरगोन में पदस्थ थे।
दिनांक 06.01.2026 को दोनों का बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन आंचलिक कार्यालय धार में किया गया। इस दौरान पंकज मीणा को उपस्थित होना था, किंतु उसके स्थान पर मिलते-जुलते हुलिये का अन्य व्यक्ति उपस्थित हुआ, जिसका फोटो बायोमैट्रिक रिकॉर्ड से मैच नहीं हो रहा था।
संदेह होने पर पूछताछ की गई, जिसमें पहले उसने अपना नाम पंकज मीणा बताया, किंतु पुनः पूछताछ करने पर वह बैंक परिसर से भागने का प्रयास करने लगा। उसे पकड़कर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम शुभम पिता राकेश कुमार गुप्ता, निवासी 86 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सिरसा जिला हिसार (हरियाणा) बताया।
आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने क्लर्क भर्ती परीक्षा में पंकज मीणा एवं राकेश मीणा के नाम से आवेदन पत्र में फोटो एडिटिंग कर स्वयं द्वारा परीक्षा दी थी। इस प्रकार आरोपियों द्वारा दूसरे व्यक्ति के स्थान पर परीक्षा दिलवाकर बैंक की नौकरी जॉइन की गई, जो बायोमैट्रिक परीक्षण के दौरान पकड़ में आया।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना नौगांव में अपराध पंजीबद्ध कर अनुसंधान में लिया गया।
वर्तमान में बढ़ते धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी, गिरोह का पर्दाफाश एवं बारीकी से जांच के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय डावर एवं सीएसपी धार श्री सुजावल जग्गा के मार्गदर्शन में थाना नौगांव पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई।
विवेचना के दौरान आरोपियों—
शुभम पिता राकेश कुमार गुप्ता, निवासी सिरसा (हरियाणा)
राकेश पिता चिरंजीलाल मीणा, निवासी गोठेरा जिला करौली (राजस्थान)
को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथी रूकाम मीणा निवासी करौली (राजस्थान) के साथ मिलकर वर्ष 2021-2022 से लगातार दूसरे अभ्यर्थियों के नाम पर आवेदन कर फोटो एडिटिंग द्वारा मिलते-जुलते हुलिये के व्यक्ति से परीक्षा दिलवाना, परीक्षा उत्तीर्ण होने पर 6 से 8 लाख रुपये का लेन-देन करना तथा वर्तमान में बैंक में सहायक मैनेजर व क्लर्क पद पर पदस्थ होना स्वीकार किया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज जप्त किए गए हैं। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। अग्रिम कार्रवाई जारी है तथा शेष फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी नौगांव निरीक्षक हिरुसिंह रावत,
उनि. बी.पी. तिवारी,सउनि. विजयसिंह डामोर,आर. 246 अनिल बीसी,
आर. 428 देवेन्द्र परमार,आर. राजेश पाटीदारका विशेष योगदान रहा।









