
*वीर बाल दिवस पर साहिबज़ादों की शहादत को किया नमन*
*गुरुद्वारा सचखंड दरबार में मत्था टेका, धार कॉलेज ऑफ नर्सिंग में आयोजित हुई संगोष्ठी और रंगोली व चित्रकला प्रदर्शनी*

धार। भारत के इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन वीर बाल दिवस हर वर्ष 26 दिसंबर को मनाया जाता है। यह दिवस गुरु गोबिंद सिंह जी के साहसी एवं प्रेरणादायक पुत्रों, साहिबज़ादे ज़ोरावर सिंह और फतेह सिंह की महान शहादत की स्मृति में मनाया जाता है। वीर बाल दिवस न केवल इतिहास की याद दिलाता है, बल्कि साहस, त्याग और धर्म की रक्षा के लिए कर्तव्यनिष्ठ रहने की प्रेरणा भी देता है।

भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती के मार्गदर्शन में भाजपा नेताओं एवं जिला टोली ने शुक्रवार को हटवाड़ा स्थित गुरुद्वारा सचखंड दरबार पहुंचकर साहिबज़ादों की शहादत को नमन करते हुए मत्था टेका। इसके पश्चात दोपहर में धार कॉलेज ऑफ नर्सिंग में वीर बाल दिवस के अवसर पर आयोजित रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता की प्रदर्शनी का अवलोकन कर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जसबीर सिंह जी होडा (कार्यकारी अध्यक्ष, गुरुद्वारा साहिब एवं सामाजिक कार्यकर्ता, धार) रहे। विशेष अतिथियों में डॉ. शरद विजयवर्गीय, देवेंद्र सोनाने (जिला महामंत्री-भाजपा), महेश रावला (जिला उपाध्यक्ष), श्रीमती राखी राय (जिला उपाध्यक्ष), कपिल निनामा (जिला टोली संयोजक), सुनील मोदी (जिला उपाध्यक्ष), सह-संयोजक अमृत जैन (जिला उपाध्यक्ष-भाजपा) एवं जसप्रीत डंग (जिला मंत्री भाजयूमो) संजय शर्मा भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रंजीत भंडारी जिला मंत्री मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. आशीष चौहान (संचालक-धार कॉलेज ऑफ नर्सिंग) ने की।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता जिला महामंत्री देवेंद्र सोनाने ने कहा कि 26 दिसंबर 1704 को गुरु गोबिंद सिंह जी के दो छोटे पुत्रों—साहिबज़ादे ज़ोरावर सिंह (9 वर्ष) और फतेह सिंह (6 वर्ष)—ने धर्म की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्हें धर्म परिवर्तन का प्रस्ताव दिया गया, जिसे उन्होंने निर्भीक होकर ठुकरा दिया और अपने अडिग साहस व आस्था का परिचय दिया। उनका बलिदान आज भी देश के युवाओं को आत्मबल, दृढ़ता और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है।
मुख्य वक्ता सचखंड दरबार हटवाड़ा कार्यकारी अध्यक्ष जसबीर सिंह होंडा ने वीर बाल दिवस के बारे में बताया कि वीर बाल दिवस हमें साहिबज़ादे ज़ोरावर सिंह और फतेह सिंह के अद्वितीय साहस, धर्मनिष्ठा और बलिदान की स्मृति कराता है। इतनी अल्प आयु में भी उन्होंने अपने धर्म और सिद्धांतों की रक्षा के लिए जो दृढ़ता दिखाई, वह आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस का उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं में आत्मबल, नैतिकता और राष्ट्रधर्म के प्रति जागरूकता पैदा करना है। यह दिवस हमें सिखाता है कि सच्ची वीरता त्याग, संयम और सत्य के मार्ग पर अडिग रहने में निहित होती है।

इस अवसर पर जिला कार्यालय मंत्री मनीष प्रधान, नवदीप सिंह चौहान, आशुतोष विजयवर्गीय, बादल मालवीय, मोनिका चौहान, डॉ. राजेंद्र कुमार चंद्रावत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जसप्रीत सिंह डंग ने किया।
उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने दी।









